Since: 23-09-2009
देवघर (झारखंड)। देवघर नगर थाना क्षेत्र स्थित श्याम गंज रोड अंडा पट्टी मोहल्ले में शनिवार देररात 12ः30 बजे पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में मछली व्यवसाई सुधाकर झा की सुरक्षा में तैनात दो पुलिस जवान शहीद हो गए। यह मुठभेड़ नगर थाने से 500 मीटर की दूरी पर हुई है। शहीद जवान साहिबगंज जिले के रहने वाले रवि कुमार मिश्रा और संतोष यादव हैं।
सूचना पाकर नगर थाना प्रभारी केके साहू कुशवाहा जवानों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान अपराधियों ने थाना प्रभारी की गाड़ी पर भी फायरिंग की। इस घटना में थाना प्रभारी भी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में एक अपराधी गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर एसपी सुभाष चंद्र जाट, एसडीपीओ पवन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। गिरफ्तार किए गए दोनों अपराधियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि अपराधियों ने सुधाकर झा पर हमला किया। उनकी सुरक्षा पर तैनात दोनों पुलिस जवानों से अपराधियों की मुठभेड़ हुई। इसी दौरान गोली लगने से दोनों पुलिस जवानों की मौत हो गई। मुठभेड़ के दौरान तलवारें भी चलीं। कुछ दिन पहले सुधाकर झा के मुंशी पर भी जानलेवा हमला हुआ था। इसके बाद उन्होंने एसपी से सुरक्षा की मांग की थी। तब दो पुलिस जवानों को उनकी सुरक्षा के लिए नियुक्त किया गया था। इस घटना में तलवारबाजी से सुधाकर झा भी घायल हुए हैं। दोनों पुलिस जवान शहीद होकर मछली व्यवसाई सुधाकर झा की जान बचाने में सफल रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |