Since: 23-09-2009
इंदौर। यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम और अनुशासित बनाने के लिए इंदौर पुलिस ने नई पहल की है। इंदौर ट्रैफिक साथी मोबाइल ऐप में Civilian Reports नामक सुविधा शुरू की गई है। इसके माध्यम से नागरिक यातायात नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों की फोटो और वीडियो सीधे यातायात पुलिस को भेज सकेंगे।
सूचना के परीक्षण और सत्यापन के बाद नियमों का उल्लंघन सही पाए जाने पर संबंधित चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुविधा का शुभारंभ 14 नवंबर को आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में किया गया। पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने ऐप के माध्यम से एक वाहन चालक की फोटो भेजकर सुविधा की शुरुआत की।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सुरक्षित यातायात केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, यह हर नागरिक का सामूहिक दायित्व है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही शहर में यातायात अनुशासन मजबूत होगा। Civilian Reports सुविधा नागरिकों को व्यवस्था सुधारने में सीधी भागीदारी का अवसर देगी।
नागरिक सड़क पर उल्लंघन होते देखने पर फोटो या वीडियो बनाकर ऐप के Civilian Reports फीचर पर अपलोड कर सकेंगे। इसके अलावा यातायात हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर भी सूचना दी जा सकेगी। पुलिस प्राप्त जानकारी की जांच करेगी और उल्लंघन प्रमाणित होने पर कार्रवाई करेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सूचना भेजते समय अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें। फोटो या वीडियो बनाने के लिए जोखिम न उठाएं और उल्लंघन करने वाले चालक से विवाद न करें।
लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए हर सप्ताह प्रमाणिक और उत्कृष्ट सूचना देने वाले जिम्मेदार नागरिकों को पुरस्कृत और सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और नियमों के पालन को सामाजिक अनुशासन बनाना है।
नागरिक QR कोड स्कैन कर या Google Play Store और Apple App Store से इंदौर ट्रैफिक साथी ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आर.के. सिंह, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन राजेश त्रिपाठी सहित यातायात पुलिस के अधिकारी, यातायात प्रहरी, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |