Since: 23-09-2009
रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर कबीरधाम जिले में 24 नवंबर से 29 नवंबर 2026 तक छह दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है।
शिविरों में गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी जांच, नेत्र जांच और जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की हृदय जांच की सुविधा दी जाएगी। इससे महिलाओं और बच्चों को जांच के लिए जिला मुख्यालय या बड़े अस्पताल जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
*छह दिनों का कार्यक्रम*
- 24 नवंबर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर लोहारा में सोनोग्राफी और नेत्र जांच
- 25 नवंबर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिपरिया में सोनोग्राफी और नेत्र जांच
- 26 नवंबर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बोड़ला में सोनोग्राफी और नेत्र जांच
- 27 नवंबर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदूर में सोनोग्राफी, नेत्र जांच और हृदय जांच
- 28 नवंबर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तरेगांव में सोनोग्राफी, नेत्र जांच और हृदय जांच
- 29 नवंबर: प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेंगाखार में सोनोग्राफी, नेत्र जांच और हृदय जांच
*चिरायु कार्यक्रम के तहत बच्चों की हृदय जांच*
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम चिरायु के तहत जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों की निःशुल्क हृदय जांच की जाएगी। विशेषज्ञ डॉक्टर जांच करेंगे, जरूरत पड़ने पर ईको जांच और परामर्श दिया जाएगा। गंभीर मामलों में बच्चों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा जाएगा। इस काम में सत्य साईं अस्पताल का सहयोग लिया जा रहा है।
हृदय में छेद, शरीर में नीलापन, सांस फूलना, बार-बार निमोनिया, कमजोरी, दूध पीते समय जल्दी थक जाना और वजन या विकास में कमी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने गर्भवती महिलाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे तय तारीख पर अपने नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर निःशुल्क जांच का लाभ उठाएं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |