Since: 23-09-2009
भोपाल। गौतम नगर थाना पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 8 किलो 200 ग्राम गांजा जब्त किया है। पुलिस ने एक पुरुष और दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये है।
यह कार्रवाई मादक पदार्थों की अवैध तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विक्रम अहिरवार और सहायक पुलिस आयुक्त अरविंद सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महेन्द्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।
12 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अटल अयुब नगर केबिन के पास कैलाश कुशवाह उर्फ राजेश उर्फ बड़े को पकड़ा। उसके पास से 4 किलो 104 ग्राम गांजा मिला। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध क्रमांक 703/26 दर्ज किया गया।
इसके बाद माता मंदिर के पास नारियलखेड़ा से पूजा राठौर और सपना वंशकार को गिरफ्तार किया गया। पूजा राठौर मंडीदीप के राहुलनगर में किराए से रहती है, जबकि सपना वंशकार रायसेन के कलाईपुरा की रहने वाली है। दोनों के कब्जे से कुल 4 किलो 165 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में अपराध क्रमांक 704/26 दर्ज किया गया है।
पुलिस कैलाश कुशवाह से गांजा खरीदने और लाने के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है। आरोपी थाना हनुमानगंज का निगरानीशुदा बदमाश है और उस पर पहले से 22 अपराध दर्ज हैं।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |