Since: 23-09-2009
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को लोकभवन में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। समारोह के दौरान उन्होंने राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की और उन्हें दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर लोकभवन में प्रदेश के कई गणमान्य नागरिक, अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली का पावन पर्व जीवन में प्रेम, उत्साह, सद्भाव और नई आशाओं का संचार करता है। यह पर्व अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि दीपावली हमें आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने समारोह में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति प्रदेश की गौरवशाली पहचान है, जो यहां की मिट्टी, भाषा और जीवनशैली में गहराई से बसी हुई है। हमारे तीज-त्योहार और परंपराएं सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ ही सांस्कृतिक मूल्यों को भी सुदृढ़ करती हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की कला, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों से जुड़ी रह सकें।
अंत में मुख्यमंत्री ने समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की पुनः शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |