Since: 23-09-2009
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के 11वें दिन सोमवार को सदन में विपक्ष ने बोर्ड परीक्षाओं के पेपर लीक होने और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का मामला उठाया। मुख्यमंत्री विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में हो रही बारिश और ओलावृष्टि से फसलें खराब हो गई हैं, लेकिन सरकार ने अभी तक सर्वे भी शुरू नहीं किया है। दोनों ही मामलों को लेकर कांग्रेस से सदन से बहिर्गमन किया और प्रदेश सरकार पर किसानों विरोधी होने का आरोप लगाया।
मप्र विधानसभा के बजट सत्र में सोमवार को सदन की कार्यवाही प्रश्नकाल से शुरू हुई। शून्यकाल के दौरान विपक्ष ने सरकार को महू की घटना, ओलों से फसलों की नुकसानी और 10वीं-12वीं के पेपर लीक होने के मामले में घेरने का प्रयास किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने कहा कि 20 लाख स्टूडेंट्स के भविष्य से खिलवाड़ हो रहा है। बच्चों की फीस वापस की जाए। ओलों से किसान बर्बाद हो गए, अब तक सर्वे शुरू नहीं हुआ। राजस्व अधिकारियों की हड़ताल रोकने के लिए सरकार ने कोई पहल नहीं की। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों से जुड़े इस बड़े मुद्दे पर सरकार गंभीर नहीं है। अभी तक किसी भी किसान को सहायता नहीं मिली है। कांग्रेस इन दोनों मुद्दों को लेकर वॉकआउट करती है।
इस पर संसदीय कार्य मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस किसानों के नाम पर राजनीति कर रही है। इनका कोई नेता किसानों के बीच नहीं पहुंचा है। हमारे नेता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अधिकारियों के साथ बैठक करके स्थिति का जायजा ले रहे हैं और सर्वे कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं। न तो कमल नाथ अब तक किसानों के खेत में पहुंचे हैं और न ही दिग्विजय सिंह। सदन का उपयोग राजनीति के लिए किया जा रहा है। कांग्रेस का वॉकआउट का यह तरीका ठीक नहीं। बिना जवाब सुने वॉकआउट करते हैं। किसानों के मुद्दे पर ये केवल घडियाली आंसू बहाते हैं। इनकी राजनीति सिर्फ झूठ बोलने की है और झूठ पर ही आधारित राजनीति कांग्रेस करती है।
इससे पहले कालापीपल से कांग्रेस विधायक कुणाल चौधरी ओलावृष्टि के कारण खराब हुई फसल लेकर विधानसभा पहुंचे। विधायक फसल के साथ गांधी प्रतिमा के नीचे बैठ गए। उन्होंने कहा, सरकार मुंह चलाने की जगह काम पर ध्यान दे। सदन में सारे काम रोककर सिर्फ दो दिन किसानों पर चर्चा होना चाहिए। कांग्रेस विधायक कांतिलाल भूरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा था कि मैं एक-एक पैसा किसानों का चुकाऊंगा। अब इसका समय आ गया है। इधर, नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सभी किसानों को राहत राशि दी जाएगी। कांग्रेस ने तो अपने समय एक पैसा किसानों को नहीं दिया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |