Since: 23-09-2009
भोपाल। मध्य प्रदेश में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं का पार्टियों में अदला बदली का सिलसिला शुरू हो गया है। पिछले दिनों अशोकनगर से भाजपा नेता यादवेंद्र यादव कांग्रेस में शामिल हुए थे। वहीं आज कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। दिग्विजय सिंह की करीबी मानी जाने वाली वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री मोना सुस्तानी ने भाजपा का दामन थाम लिया है।
रविवार को भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और हितानंद शर्मा भी मौजूद थे। इसके अलावा बसपा से पूर्व विधायक उषा चौधरी और भाजपा से निस्काषित हुए विधायक प्रीतम लोधी ने फिर ली भाजपा की सदस्यता ली।
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में दो बार जिला पंचायत सदस्य और कांग्रेस की कार्यकारी जिला अध्यक्ष रह चुकी मोना सुस्तानी के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। मोना सुस्तानी को कांग्रेस पार्टी द्वारा 2019 के लोकसभा चुनाव के समय उम्मीदवार बनाया था। उनका सामना भाजपा के तत्कालीन सांसद रोडमल नागर से हुआ था। हालांकि इस चुनाव में मोना सुस्तानी को करारी हार का सामना करना प़डा था। मोना सुस्तानी राजगढ़ के विधायक और एमपी एग्रो के पूर्व चेयरमैन रहे गुलाब सिंह सुस्तानी की बहू है। मोना सुस्तानी के पति ललित मोहन सुस्तानी भी जनपद अध्यक्ष रह चुके हैं। इनका पूरा परिवार करीब तीन पीढ़ियों से कांग्रेस पार्टी से विभिन्न पदों पर रहकर जनता की सेवा करता आ रहा है, वहीं ये परिवार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खास कार्यकर्ताओं और मिलने वालों में से एक है। चूंकि राजगढ़ जिला दिग्विजय सिंह का गढ़ माना जाता है, ऐसे में मोना सुस्तानी का कांग्रेस छोडऩे से सीधे भाजपा को बड़ा फायदा होगा।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |