Since: 23-09-2009
जबलपुर। मध्य प्रदेश में इन दिनों भारी बारिश और बाढ़ का प्रकोप देखने काे मिल रहा है। जिसके चलते कई अप्रिय घटनाएं घट रही है। जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में सोमवार रात तेज बारिश के कारण एक स्कूल की दीवार गिर गई। हादसे में एक महिला चपेट में आ गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची रांझी थाना पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। महिला की गंभीर हालत में ईलाज जारी है।
जानकारी अनुसार सोमवार रात करीब दस बजे रांझी थाना क्षेत्र अंतर्गत मढ़ई स्थित एक स्कूल की दीवार गिर गई। इस दौरान वहां से गुजर रही एक महिला संध्या बाई (23 वर्षीय) दीवार गिरने से चपेट में आ गई और गंभीर रुप से घायल हो गई। थाना प्रभारी सहदेव साहू के मुताबिक देर रात सूचना मिली थी। सूचना पर रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। महिला को गंभीर हालत में मेडिकल अस्पताल भिजवाया गया है। बताया जा रहा है कि तेज बारिश के कारण स्कूल की दीवार ढही है। जेसीबी की मदद से दीवार के मलबे को हटाया गया। पुलिस मामला दर्ज कर आगे की पड़ताल में जुट गई है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |