Since: 23-09-2009
उज्जैन। श्रावण माह में निकलने वाली सवारियों के क्रम में चौथे सोमवार को सायं 04 बजे परम्परानुसार ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर की सवारी धूमधाम से निकली। इस दौरान महाकालेश्वर मंदिर का सभामंडप भोलेनाथ के जयकारों से गूंज उठा। लाखों की संख्या में श्रद्धालु सवारी में शामिल हुए। भगवान महाकालेश्वर ने सवारी में चार विभिन्न स्वरूपों में भक्तों को दर्शन दिये। जिसमें पालकी में श्री चन्द्रमौलेश्वनर, हाथी पर मनमहेश, बैलगाड़ी में गरूड़ पर शिव तांडव एवं बैलगाड़ी में नंदी पर उमा-महेश के स्वरूप में विराजमान होकर अवंतिकानाथ ने अपनी प्रजा का हाल जानने के लिए नगर भ्रमण पर निकले।
श्री महाकालेश्व।र भगवान की सवारी निकलने के पूर्व मध्य प्रदेश तीर्थ स्थान एवं मेला विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष माखन सिंह चौहान, मध्यप्रदेश जनअभियान परिषद के उपाध्यक्ष विभाष उपाध्याय, कलेक्टर एवं महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष कुमार पुरुषोत्तम, आचार्य शेखर महाराज ने महाकालेश्वर मंदिर के सभामंडप में भगवान चन्द्रमौलेश्वर का पूजन-अर्चन किया गया। पूजन शासकीय पुजारी पं. घनश्याम शर्मा द्वारा संपन्न कराया गया।
महाकालेश्वर मंदिर परिसर के सभामंडप में पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के महंत विनीत गिरि महाराज, महापौर मुकेश टटवाल, उज्जैन उत्तर विधायक पारसचंद्र जैन, नगर पालिक निगम अध्यक्ष कलावती यादव, नगर पालिक निगम आयुक्त रोशन सिंह, प्रशासक संदीप सोनी, मंदिर प्रबंध समिति सदस्य पुजारी प्रदीप गुरु, राजेंद्र शर्मा 'गुरु', राम पुजारी आदि ने भगवान महाकालेश्वर का पूजन-अर्चन किया और आरती में सम्मिलित हुए। इस दौरान सहायक प्रशासक मूलचंद जूनवाल, प्रतीक द्विवेदी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी आरके तिवारी आदि उपस्थित थे। सभी गणमान्यों ने पालकी को कंधा देकर नगर भ्रमण हेतु रवाना किया।
कहारों द्वारा पालकी जैसे ही मंदिर के मुख्य द्वार पर पहुंची, वहां सशस्त्र पुलिस बल के जवानों द्वारा पालकी में विराजित भगवान को सलामी (गार्ड ऑफ ऑनर) दी गई। उसके पश्चात भगवान चन्द्रमौलेश्वर की पालकी परंपरानुसार अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए रामघाट पहुंची, जहॉ क्षिप्रा नदी के जल से भगवान का अभिषेक और पूजन-अर्चन किया गया। इसके बाद सवारी अपने परम्परागत मार्ग से पुनः महाकालेश्वर मंदिर के लिए रवाना हुई।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |