Since: 23-09-2009
रायपुर। भिलाई में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की सभा में प्रदेश भर से आई लाखों की संख्या में उमड़े महिलाओं के हुजूम ने प्रदेश में फिर से कांग्रेस सरकार बनाने का संकल्प लिया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद दीपक बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ युवाओं के बाद महिलाओं ने भी भूपेश सरकार पर अपना भरोसा जताया है।
प्रदेश के हर वर्ग के भरोसे से यह साफ हो गया कि राज्य में एक बार फिर से 75 सीटों के साथ कांग्रेस की सरकार बनेगी। 2018 में दो तिहाई बहुमत के साथ कांग्रेस की सरकार बनने के बाद सरकार के कार्यों का परिणाम है कि कांग्रेस के प्रति तथा मुख्यमंत्री भूपेश के प्रति जनता का भरोसा और बढ़ता ही जा रहा है। 5 सालो में 5 उपचुनावो, 10 महापौर सहित अधिकांश नगर निकायों तथा पंचायत चुनावों में जनता ने कांग्रेस को भरपूर आशीर्वाद दिया है।
दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने राज्य में शिक्षा, रोजगार, कृषि, आदिवासी, अनुसूचित जाति हर वर्ग के बढ़ाने के लिये काम किया है। सभी के लिये योजना बनाया और उसका प्रभावी क्रियान्वयन किया, जिससे राज्य के गरीब आदमी के जीवनस्तर में परिवर्तन आया तथा 40 लाख लोग गरीबी रेखा से बाहर आये।
दीपक बैज ने कहा कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस के पास बताने के लिये अपने सरकार के गौरवशाली जनहित के काम है। हमारी सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र के 95 प्रतिशत वायदों को पूरा किया है।
छत्तीसगढ़ में भाजपा मुद्दाविहीन है। इसके विपरीत कांग्रेस के पास अपनी सरकार के साढ़े चार सालों के काम की लंबी फेहरिस्त है। 400 यूनिट तक बिजली बिल आधा किया, स्वामी आत्मानंद स्कूल, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण कृषि मजदूर न्याय योजना, गोधन न्याय योजना, दाई दीदी क्लिनिक, हाट बाजार क्लिनिक, मुख्यमंत्री शहरी स्वास्थ्य योजना, मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सुविधा योजनाओं से प्रदेश के आम आदमी का भरोसा कांग्रेस के प्रति बढ़ा है।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |