Since: 23-09-2009
उज्जैन। केन्द्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री रविवार को मध्य प्रदेश के प्रवास के दौरान रतलाम और उज्जैन में आयोजित भाजपा के प्रबुद्धजन सम्मेलनों में शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में जहां केन्द्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं तो कांग्रेस पर निशाना भी साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था और मध्यप्रदेश देश में तीसरा सबसे विकसित राज्य बनेगा।
गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से एक संकल्प लिया था कि वर्ष 2047 जब भारत की आजादी के 100 वर्ष पूरे होंगे, तब भारत को अति विकसित देश की श्रेणी में ले जाकर खड़ा करना है। उनके इस संकल्प को आप हम सबको मिलकर पूरा करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि 2014 के पहले पांच कमजोर अर्थव्यवस्था में भारत का नाम था, लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत उभरा है आज देश की पांच बड़ी अर्थव्यवस्था में भारत का नाम सर्वोच्च स्थान पर है। तीसरी बार भी मोदी सरकार आएगी तो तीसरी पायदान पर सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में भारत देश का नाम होगा।
गोयल ने उज्जैन में आयोजित प्रबुद्धजन सम्मेलन में कहा कि महाकाल की कृपा उज्जैन के रहवासियों पर सदा बरसती है। बाहर से लोग महाकाल बाबा के वैभव का दर्शन करने आते हैं, मैं भी आता हूं। वाकई बाबा का दर्शन करके मन मंत्रमुग्ध हो जाता है। पहले के काल में आपने देखा था जब फिल्में बनती थी तो उनका नाम होता था रोटी कपड़ा और मकान। लोगों के तन पर कपड़े नहीं होते थे, उनके पास मकान नहीं होते थे लेकिन जब 2014 में देश के ऐसे बेटे ने प्रधानमंत्री के शपथ ली, सबसे पहले स्वच्छता का नारा दिया। महिलाओं के सम्मान के लिए शौचालय बनवाए। मैं जब छोटा था तो अपनी नानी के यहां जाता था तो वह चूल्हे पर चाय बनती थी और खाना बनाती थीं। 400 सिगरेट जितना धुआं अंदर जाता था। चूल्हे से वह एक दिन दुनिया छोड़कर चली गईं। ऐसा देश की कई महिलाओ के साथ हुआ और उनके इस दर्द को किसी ने समझा, वह गरीब का बेटा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी था। उन्होंने उज्ज्वला गैस जैसी योजना चलाई और दूर गांव तक गैस की टंकी पहुंचाई।
केन्द्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि ऐसा प्रधानमंत्री जिसने गरीबी देखी, चाय बेची, देश की दुर्दशा देखी, अपने अनुभव से जो देखा था, वह सब अनुभव देश की विकास यात्रा में लगाया। 2014 से उनकी पहली प्राथमिकता स्वच्छता अभियान की योजना बनी। आधार कार्ड से भारत की जनता को अपनी पहचान निधि डिजिटल सुविधा दी। सबसे सस्ती भारत में संचार सेवा मिली। खबरें मोबाइल पर मिल जाती हैं, पैसे मोबाइल पर ट्रांसफर हो जाते हैं। जन-धन खाता खोले। आज देश में 50 करोड़ जन-धन खाते हैं। पहले देश में ऐसी स्थिति देखी। यदि बच्चा पैदा हो तो उसका प्रमाण पत्र बनाने के लिए रिश्वत देना पड़ती थी। मोदी ने जल जीवन मिशन तेजी से चलाया। 13 करोड़ घरों में जल नल से पहुंच रहा है। रेलवे स्टेशन बन रहे हैं, एयरपोर्ट बन रहे हैं। बंदरगाह बना रहे हैं। 5 लाख मेगावॉट बिजली बन रही है। ऊर्जा के नए स्रोत बन रहे हैं।
गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शिवराज सिंह चौहान ने जो मध्यप्रदेश में ईमानदार सरकार दी। उसने सवा 13 लाख करोड़ जीडीपी कर दी। कठोर परिश्रम कर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने यह कर दिखाया। महिला बिल से अब महिलाओं की भागीदारी सरकार में भी होगी। शिक्षा स्वास्थ्य मूलभूत सुविधाओं में मोदी सरकार ने इजाफा किया है। कोविड जैसी महामारी के दौरान कोई भूखा नहीं सोया। 80 करोड लोगों को मुफ्त अनाज 28 माह तक निशुल्क दिया गया। 225 करोड़ वैक्सीन भारत में लोगों को लगाई गई। लाखों लोगों का जीवन बचाया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |