Since: 23-09-2009
धमतरी। ओडिशा की सीमा से लगे धमतरी जिले के अंतिम छोर के पुलिस थाना बोराई के बंदीगृह से पुलिस आरक्षक को धक्का देकर गांजा तस्करी का आरोपित भाग गया। यह थाना नक्सल संवेदनशील क्षेत्र में आता है। चुनाव की आदर्श आचरण संहिता लागू होने के बाद भी बंदी का पुलिस थाना से भाग जाना पुलिस की लापरवाही को उजागर कर रहा है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 15 अक्टूबर को आरोपित देवकुमार गोड़ एवं हीरा लाल नागेश को मोटरसाइकिल में अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा की तस्करी करते पुलिस ने पकड़ा था। आरोपितों से पुलिस ने 12 किलो 300 ग्राम गांजा, मोबाइल फोन और 470 रुपये नकद जब्त किया था। पुलिस ने दोनों आरोपितों के विरूद्ध 20 ख नारकोटिक एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया था। आरोपित देवकुमार गोड़ एवं हीरालाल नागेश को 15 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने पुलिस ने रिमांड तैयार किया था। रात होने के कारण पुलिस ने बोराई थाना के बंदीगृह में दोनों आरोपितों को सुरक्षार्थ रखा था। रात में आरोपितों की सुरक्षा के लिए प्रधान आरक्षक, आरक्षक एवं डीएसएफ के साथ एक अन्य पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगी थी। 16 अक्टूबर को तड़के 3.30 बजे आरोपित देव कुमार गोड़ ने स्वास्थ्य खराब होने का झांसा देकर बहुत अधिक चक्कर आने की बात कही। तब वहां तैनात पुलिसकर्मी ने बंदीगृह के अंदर जाकर आरोपित से पूछा कि क्या हो गया है। इसके बाद आरोपित देव कुमार गोड़ ने पुलिसकर्मी को जोर का धक्का दिया और तेजी से दौड़ते हुए पुलिस थाना से बाहर निकलकर फरार हो गया। आसपास पता तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इस मामले में पुलिस ने आरोपित के विरूद्ध पुलिस अभिरक्षा से भागने का अपराध पंजीबद्ध किया है। इस संबंध में नगरी एसडीओपी मयंक रणसिंह से मोबाइल पर संपर्क किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2025 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |