Since: 23-09-2009
सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के भेज्जी थाना क्षेत्र अंर्तगत ओंधेरपारा में भी बीती रात नक्सलियों ने एक ग्रामीण मड़कम रमेश को घर से अपहरण कर कुछ दूर ले जाकर धारदार हथियार से हत्या कर दी, जिसका शव बुधवार सुबह बरामद किया गया है। शव के पास नक्सलियों ने पर्चे फेंके हैं, इसमें लिखा है कि मड़कम रमेश तीन वर्ष से मुखबिरी कर रहा था। पुलिस मुखबिरी छोड़़़ने के लिए उसे कई बार समझाया भी, पर नहीं माना। इसके बाद नक्सलियों की कोंटा एरिया कमेटी ने उसकी मौत का फरमान जारी कर दिया। नक्सलियों ने ग्रामीण के भाई को भी धमकी दी है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
ओंधेरपारा निवासी मड़कम राजेश ने बताया कि, बीती रात घर के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो रहे थे। इसी दौरान कुछ नक्सली घर में घुस आए। उन्होंने बड़े भाई मड़कम रमेश को उठाया और फिर घर से कुछ दूर ले जाकर हत्या कर दी।
एसपी सुनील शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया किए नक्सली अब खात्मे की ओर हैं, इसलिए गरीब आदिवासियों को डराने के साथ ही हत्या कर रहे हैं। उन्होने कहा कि इस घटना को कोंटा एरिया कमेटी ने अंजाम दिया है। ग्रामीण की हत्या में शामिल नक्सलियों पर कार्यवाही की जाएगी।
MadhyaBharat
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |