Since: 23-09-2009
मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में गुरुवार शाम नए उपमुख्यमंत्रियों नेम्चा किप्गेन और लोसी दिखो के शपथ ग्रहण के विरोध में हिंसा भड़क गई। तुइबोंग मेन मार्केट इलाके में सैकड़ों युवा प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाबलों को उनकी बैरक में लौटने के लिए मजबूर करने की कोशिश की। बात नहीं बनने पर पत्थरबाजी शुरू हो गई और सड़क पर टायर जलाए गए, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
हिंसा के बाद आदिवासी संगठन जॉइंट फोरम ऑफ सेवन ने कुकी-बहुल चुराचांदपुर में शुक्रवार सुबह 6 बजे से 12 घंटे के बंद का ऐलान किया। कुछ संगठनों ने डिप्टी सीएम नेम्चा किप्गेन और कुकी विधायकों एलएम खाउते व एन सेनाते के खिलाफ खुले तौर पर धमकी और इनाम की घोषणा कर दी, जिससे हालात और बिगड़ गए। कुकी समुदाय के भीतर भी सरकार में शामिल होने को लेकर गहरा मतभेद सामने आया है।
स्थिति को काबू में करने के लिए असम राइफल्स को तैनात किया गया, लेकिन शुरुआती कोशिशें नाकाम रहीं और सुरक्षाबलों को अस्थायी रूप से पीछे हटना पड़ा। बाद में भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। नई भाजपा सरकार के गठन और मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह के शपथ ग्रहण के दो दिन बाद भड़की इस हिंसा ने राज्य में शांति और राजनीतिक स्थिरता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi
|
All Rights Reserved ©2026 MadhyaBharat News.
Created By:
Medha Innovation & Development |