बालोद के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित मास्टर प्लान 2041 जल्द सामने आ सकता है। नगर निवेश विभाग के अनुसार जिस मास्टर प्लान को वर्ष 2021 में तैयार हो जाना था, वह अब चार साल की देरी के बाद जून या जुलाई 2026 में प्रकाशित होने की संभावना है। यह प्रक्रिया वर्तमान में डायरेक्टर स्तर पर चल रही है। नए मास्टर प्लान में बालोद शहर के 20 वार्डों के साथ 10 गांवों को निवेश क्षेत्र में शामिल किया जाएगा, जिससे शहरी और ग्रामीण विकास को एक साथ आगे बढ़ाया जा सके। मास्टर प्लान 2041 के तहत ग्राम झलमला, उमरादाह, पाकुरभाट, देवारभाट, पाररास, खैरतराई, बघमरा, सिवनी और हीरापुर को शामिल किया गया है। इन गांवों में आवासीय, व्यवसायिक और प्रशासनिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं, इसी को ध्यान में रखते हुए इन्हें योजना में जोड़ा गया है। जून में प्रकाशन के बाद दावा-आपत्ति और जनसुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही होगी। नए मास्टर प्लान का उद्देश्य अव्यवस्थित विकास पर रोक लगाकर योजनाबद्ध तरीके से शहर और गांवों का विकास करना है। इसके तहत सड़क, नाली, पुल-पुलिया, यातायात व्यवस्था, नियमितिकरण और अन्य बुनियादी सुविधाओं पर काम किया जाएगा। मास्टर प्लान लागू होने के बाद निवेश क्षेत्र में आने वाले नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन कर सकेंगे। शहरवासियों को उम्मीद है कि नए मास्टर प्लान से बालोद के विकास को नई दिशा मिलेगी।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi

Medha Innovation & Development