छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के ग्राम बकुलाही में गुरुवार सुबह रियल इस्पात स्टील प्लांट में जोरदार ब्लास्ट हो गया। घटना सुबह लगभग 9:30 से 9:40 बजे के बीच क्लिनिकल फर्नेस के पास सफाई कार्य कर रहे मजदूरों के दौरान हुई। विस्फोट की चपेट में आने से छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मलबे में कुछ लोग दबे होने की भी आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई। बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, भाटापारा ग्रामीण पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भाटापारा मरचुरी भेजे गए, जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर किया गया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है। मंत्री टंक राम वर्मा ने हादसे की गहन जांच की मांग की और कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन हुआ या नहीं, यह पता लगाया जाना चाहिए। कलेक्टर और एसपी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन और पुलिस मौके पर हैं और संयंत्र प्रबंधन से पूछताछ जारी है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi

Medha Innovation & Development