रसिंहपुर में स्वतंत्रता सेनानी रानी अवंतीबाई लोधी के 168वें बलिदान दिवस पर कांग्रेस द्वारा आयोजित श्रद्धांजलि सभा अचानक विवादित मोड़ पर पहुंच गई। कांग्रेस के पूर्व सांसद और मुख्य अतिथि नकुल नाथ के मंच से उतरते ही कार्यकर्ताओं के दो गुट आमने-सामने आ गए और हंगामा शुरू हो गया। कुछ देर के लिए मामला शांत हुआ, लेकिन असंतोष बना रहा। जैसे ही नकुल नाथ अपना उद्बोधन खत्म कर मंच से नीचे उतरे, कपिल पटेल और कार्यक्रम प्रबंधन के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो गाली-गलौज तक पहुंच गई। इस दौरान पूर्व विधायक सुनील जायसवाल भी विवाद में कूद गए, जिससे माहौल और गरमा गया। स्थिति बिगड़ते देख मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों गुटों को अलग किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया के अनुसार, छींटाकशी के चलते विवाद हुआ था, जिसे समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी के हालात बने और श्रद्धांजलि सभा की गरिमा प्रभावित हुई। अपने संबोधन में नकुल नाथ ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान, नौजवान और महिलाएं परेशान हैं। बेरोजगारी और महिला अत्याचार बढ़ रहे हैं। किसानों को समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा, वहीं ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद हो गई हैं। नकुल नाथ ने जल्द सर्वे कर मुआवजा देने की मांग की। समाचार लिखे जाने तक किसी पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज नहीं कराई, लेकिन बढ़ी तल्खी ने सभा की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए।
Patrakar Priyanshi Chaturvedi

Medha Innovation & Development