मध्यप्रदेश में इस सप्ताह घना कोहरा और शीतलहर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मंगलवार को मौसम विभाग ने 22 जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज और सीधी में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है, जहां दृश्यता 50 मीटर तक रह सकती है। वहीं भोपाल, विदिशा, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल और सिंगरौली में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां दृश्यता 1 से 2 किलोमीटर तक रहेगी। सोमवार को रीवा और मुरैना-रायसेन क्षेत्रों में कोहरा इतना घना रहा कि कुछ ही दूरी पर नजर नहीं आया। पचमढ़ी और राजगढ़ सबसे ठंडे रहे, जहां न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 5.8, इंदौर में 6.6 और ग्वालियर में 9.1 डिग्री रहा। सावधानी और आगामी मौसम की जानकारी मौसम विभाग ने वाहन चालकों को कोहरे में विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। फॉग लाइट का इस्तेमाल करें, गति धीमी रखें और आवश्यकता पड़ने पर ही यात्रा करें। स्वास्थ्य के लिए शरीर को गर्म रखें और सर्दी-खांसी होने पर डॉक्टर से संपर्क करें। किसानों को भी फसल की देखरेख और बुआई में विशेषज्ञों की सलाह लेने को कहा गया है। मौसम विभाग के अनुसार 17 दिसंबर की रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे ठंड और बढ़ेगी। जेट स्ट्रीम की रफ्तार 222 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँच चुकी है, जो उत्तर भारत और मध्यप्रदेश में ठंड को और तीखा बनाएगी। विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर और जनवरी में प्रदेश में कड़ाके की ठंड की संभावना है।
Patrakar Vandana singh

Medha Innovation & Development